पुलिस लाइन कांकेर में विधि-विधान से संपन्न हुआ शस्त्र पूजन।
विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) की उपस्थिति में पुलिस लाइन कांकेर में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन कार्यक्रम श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रतीक शासकीय शस्त्रों की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, साथ ही हवन एवं प्रतीकात्मक बलि देकर क्षेत्र की सुख-शांति की मंगलकामना की गई।


परंपरा के तहत शस्त्रागार के हथियारों के अलावा पुलिस विभाग के शासकीय वाहनों, कार्यशाला के उपकरणों एवं तकनीकी मशीनों का भी पूजन किया गया। अधिकारियों व कर्मचारियों ने विभागीय संसाधनों की कार्यक्षमता और सुरक्षित संचालन की प्रार्थना की।


इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राखेचा ने सभी को विजयादशमी की बधाई देते हुए नागरिकों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। कार्यक्रम में एसडीओपी श्री हरीश पाटिल, डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे, जिला सेनानी श्री संजय शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री गोविन्द वर्मा, यातायात प्रभारी श्री दीपक साव सहित पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


