ब्युरो रिपोट जय खटवानी
कांकेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘उजियारा अभियान’ के तहत अवैध शराब मिलावट गिरोह के दो और फरार आरोपी गिरफ्तार
कांकेर, 20 अक्टूबर 2026: कांकेर पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों—पंकज गुप्ता (निवासी सेजबहार) और मनोज गुप्ता (संचालक, माँ अन्नपूर्णा ट्रेडिंग कंपनी, कुम्हारी)—को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


जांच में सामने आया है कि आरोपी पंकज गुप्ता शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले फर्जी होलोग्राम और स्टिकर उपलब्ध कराता था, जबकि मनोज गुप्ता पुरानी शराब की बोतलों को रीसाइकिल कर अवैध फैक्ट्रियों में सप्लाई करता था। इस मामले में पुलिस पूर्व में ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दिनांक 08.09.2026 को थाना भानुप्रतापपुर के ग्राम बसंत नगर में किराए के मकान पर दबिश देकर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की थी। बरामद कुल 1,22,310 खाली बोतलों (2,261 कार्टून, 698 प्लास्टिक कैरेट, 79 बोरियां और 12 ड्रम), विभिन्न ब्रांडों के स्टिकर, होलोग्राम, ढक्कन और जम्मू स्पेशल व्हिस्की के भरे पौवों की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये है। मैकडॉवल, रॉयल स्टेज और इम्पीरियल ब्लू जैसे ब्रांडों से जुड़े इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट एवं बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई जारी है।


