रबी सीजन की तैयारी में जुटें विभाग, फसल विविधीकरण से बढ़ेगी किसानों की आय
बिलासपुर l रिपोर्टर,अश्वनी यादव l कृषि उत्पादन आयुक्त एवं कृषि सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कृषि एवं संबद्ध विभागों की संभागीय बैठक हुई। बैठक में खरीफ 2026 की प्रगति की समीक्षा और रबी 2026-27 की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन, तिलहन, प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी, कुक्कुटपालन, मछलीपालन और बकरीपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही किसानों को समय पर बीज, उर्वरक और अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में सरसों का रकबा बढ़ाने, पीएम आशा योजना का लाभ किसानों तक पहुंचाने तथा लीची, स्ट्रॉबेरी, ऑयल पाम और आलू की खेती को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हुई। पशुधन विकास विभाग को टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और गौशाला संचालन की नियमित समीक्षा करने, जबकि मत्स्य विभाग को तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से मछली उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त सुनील जैन ने कृषि नवाचारों को बढ़ावा देने की बात कही। बैठक में संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायतों के सीईओ तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


