मुख्य मार्ग पर बिना पूर्व सूचना पोल लगाने से यातायात ठप, आम जनता बेहाल
बिलासपुर। विनोबा नगर से मैग्नेटो मॉल की ओर जाने वाले व्यस्ततम मुख्य मार्ग पर एक निजी कंपनी द्वारा क्रेन लगाकर बीच सड़क पर पोल लगाने का काम किया जा रहा है। बिना किसी पूर्व सूचना और सुरक्षा इंतजामों के सड़क को बंद (जाम) कर दिए जाने के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिन के व्यस्त समय में क्रेन के माध्यम से पोल स्थापित किए जाने की वजह से मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। इस मार्ग पर स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और मैग्नेटो मॉल की तरफ जाने वाले आम लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। अचानक मार्ग बाधित होने से एम्बुलेंस व अन्य आपातकालीन वाहनों के भी फंसने की आशंका बनी हुई है, जिससे दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने निजी कंपनी की इस मनमानी कार्यप्रणाली और प्रशासन की अनदेखी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि विकास या बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य जरूरी हैं, लेकिन उन्हें जनता की सुविधा और सुरक्षा को ताक पर रखकर नहीं किया जाना चाहिए। व्यस्ततम घंटों में इस तरह का काम शुरू करने से पहले न तो वैकल्पिक मार्ग (डाइवर्जन) की व्यवस्था की गई और न ही यातायात पुलिस का कोई जवान मौके पर तैनात दिखा।
क्षेत्रवासियों एवं वाहन चालकों ने संबंधित निजी कंपनी और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ठोस उपाय किए जाएं। मांग की गई है कि ऐसे निर्माण या पोल लगाने के कार्य रात के समय या कम यातायात वाले घंटों में किए जाएं। साथ ही, कार्यस्थल पर सुरक्षा संकेतक (रेडियम बोर्ड/बैरिकेट्स) और यातायात डायवर्जन सुनिश्चित किया जाए ताकि आम जनता को अनावश्यक मानसिक और शारीरिक परेशानी न झेलनी पड़े।


