बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ग्राम गिरधौना में जुआ खेलते 9 आरोपी गिरफ्तार, 10,500 रुपये नगद और ताशपत्ती जब्त
बिलासपुर, 24 अक्टूबर 2026:वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में, थाना सकरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम गिरधौना में गौठान के पास दबिश देकर जुआ खेल रहे 9 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सकरी थाना प्रभारी संजय सिन्दे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग ग्राम गिरधौना स्थित गौठान के पास हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
मौके से पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10,500 रुपये नगद, 52 ताशपत्ती, एक बोरी, फट्टी और एक अधजली मोमबत्ती बरामद की है। गिरफ्तार किए गए सभी 9 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- लेखू सिंगरौल (52 वर्ष) निवासी मोंछ, थाना तखतपुर
- भुलउ राम सिंगरौल (39 वर्ष) निवासी मोंछ, तखतपुर
- सुनील सिंगरौल (32 वर्ष) निवासी मोंछ, तखतपुर
- संतोष ध्रुव (40 वर्ष) निवासी मोंछ, तखतपुर
- नरेन्द्र सिंगरौल (36 वर्ष) निवासी गिरधौना
- नोहर कुमार सिंगरौल (45 वर्ष) निवासी गिरधौना
- भागीरथी साहू (26 वर्ष) निवासी गिरधौना
- श्रवण कुमार जायसवाल (42 वर्ष) निवासी गिरधौना
- दशरथ कैवर्त (28 वर्ष) निवासी गिरधौना
इस सफल एवं सराहनीय कार्रवाई में थाना सकरी की एक्टिव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


