शासकीय पट्टे की जमीन पर धोखाधड़ी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ थाना सिविल लाईन पुलिस ने जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शासकीय पट्टे की भूमि को अपनी बताकर प्रार्थी से 45 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्रार्थी दीपक सोनी (निवासी विजयापुरम कॉलोनी, सरकण्डा) ने 24 अक्टूबर 2026 को थाना सिविल लाईन में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने ग्राम धमनी स्थित लगभग 20 एकड़ भूमि का सौदा तय किया था। इस सौदे के तहत प्रार्थी ने ऑनलाइन, आरटीजीएस और नकद के माध्यम से आरोपियों को कुल ₹45,21,000/- (पैंतालीस लाख इक्कीस हजार रुपये) दिए थे।
जब प्रार्थी ने रजिस्ट्री और सीमांकन कराने के लिए कहा, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। प्रार्थी द्वारा ऑनलाइन और राजस्व रिकार्ड की जांच कराने पर खुलासा हुआ कि उक्त भूमि वास्तव में शासकीय पट्टे की भूमि है और इसका प्रकरण राजस्व न्यायालय में लंबित है। इसके बावजूद, आरोपियों ने पूर्व जानकारी होने के बावजूद धोखाधड़ी की नीयत से सौदा किया था!


सैय्यद शमशाद अली (उम्र 71 वर्ष), निवासी- तालापारा, थाना सिविल लाईन, बिलासपुर।
सोनू उर्फ चंद्रप्रकाश दुबे (उम्र 42 वर्ष), निवासी- कडार, थाना चकरभाठा, बिलासपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशन और मार्गदर्शन में सिविल लाईन पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को उनके निवास स्थान से हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।



