नरहरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 गौवंश तस्करी के 3 फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 25.10 लाख रुपए की संपत्ति जप्त
थाना नरहरपुर | दिनांक–26.10.2026 नरहरपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे 03 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के साथ ही प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

प्रार्थी रविकांत ठाकुर ने थाना नरहरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 सितंबर 2026 की रात्रि ग्रामीणों की गाय और बछड़े लापता हैं। हिमांशु तिवारी और गौरव सोरी नामक व्यक्तियों ने आवारा मवेशियों को पंडरीपानी (सिहावा) स्थित गौशाला भेजने के नाम पर लगभग 40 गौवंशों को पिकअप वाहनों में भरवाया था। गौशाला में पता करने पर मवेशियों के वहां न पहुंचने की पुष्टि हुई, जिसके बाद थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 193/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन व वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने धमतरी से घेराबंदी कर फरार आरोपी हेमंत यादव, प्रियेश साहू व एक अन्य को दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने गौशाला भेजने के बहाने मवेशियों को चोरी कर ओडिशा के पापड़हांडी स्थित कत्लखाने भेजा था।
मामले में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 01 हुंडई क्रेटा (कीमत 15 लाख रुपए), 02 पिकअप वाहन (कीमत 10 लाख रुपए) और मवेशी बिक्री के 10,000 रुपए सहित कुल 25,10,000 रुपए की संपत्ति जप्त की है।



