ब्युरो रिपोट जय खटवानी
पखांजूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार
पखांजूर, उत्तर बस्तर कांकेर:पखांजूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक शोषण करने और गर्भवती होने पर मुकरने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने थाना पखांजूर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सोहगांव निवासी दीपक कुमेटी (पिता नागुराम कुमेटी) ने 2 जुलाई 2025 की रात्रि को उससे विवाह करने का आश्वासन दिया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा। पीड़िता के गर्भवती होने की बात सामने आने पर आरोपी ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी बात बताकर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पखांजूर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी दीपक कुमेटी (उम्र 23 वर्ष, निवासी सोहगांव) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा और उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



