बिलासपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और सभा सम्पन्न
बिलासपुर, छत्तीसगढ़:भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिलासपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा सर्वोपरि: डॉ. वीरेन्द्र कुमार
दोपहर में गांधी चौक से शुरू होकर नेहरू चौक तक निकाली गई इस पदयात्रा में हजारों नागरिकों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। नेहरू चौक पहुंचने पर यह पदयात्रा एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।

उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं और मूल्यों की समृद्ध विरासत वाला देश है। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के विश्वास, उसके मताधिकार और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया में निहित है।

मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR): डॉ. कुमार ने स्पष्ट किया कि SIR निर्वाचन आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी के तहत एक स्थापित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने कहा कि सूची से नाम हटने मात्र से राशन, पेंशन या पासपोर्ट जैसी सुविधाएं स्वतः समाप्त नहीं हो जातीं। पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान: उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग को चुनावों के अधीक्षण और नियंत्रण की जिम्मेदारी दी गई है। संस्थाओं के निर्णयों पर सवाल उठाना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन असहमति तथ्यों और तर्कों पर आधारित होनी चाहिए।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर हमेशा वोट चोरी का बेबुनियाद आरोप लगाती है और देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करती है।
उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे झूठे आरोपों से जनता में भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता अब सब समझ चुकी है।
पूर्व मंत्री एवं विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि जो कांग्रेस आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या कर चुकी है, आज वही लोकतंत्र खतरे में होने की दुहाई दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के चौमुखी विकास और नक्सलवाद के खात्मे की सराहना की।
पदयात्रा और सभा में प्रमुख रूप से बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, लखनलाल साहू, हर्षिता पाण्डेय, अभिषेक शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




