बिलासपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, थाना सकरी क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले एक आरोपी को सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना सकरी में अपराध क्रमांक 1005/2026, धारा 74 बीएनएस एवं 7, 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रार्थिया ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव का रहने वाला विजय ध्रुव (बदला हुआ/उल्लेखित नाम) आए दिन उसकी नाबालिग बेटी को स्कूल आते-जाते समय परेशान करता था। आरोपी हाथ पकड़कर खींचता, चुन्नी खींचता और अभद्र बातें बोलता था। 30 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9:00 बजे जब बालिका उस्लापुर जय स्तंभ के पास स्कूल जा रही थी, तब आरोपी ने उसे रोककर जबरन हाथ व चुनरी खींचकर छेड़खानी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी विजय ध्रुव (पिता प्रकाश ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी काटीखार उस्लापुर, थाना सकरी) को हिरासत में लिया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। महिला संबंधी अपराधों के प्रति सकरी पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही।





