कांकेर: पुरानी रंजिश पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला सूचीबद्ध गुण्डा-बदमाश गिरफ्तार, चाकू जप्त
कांकेर, 03 नवंबर 2026:उत्तर बस्तर कांकेर के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बातों को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी थाना कांकेर का सूचीबद्ध गुण्डा-बदमाश है, जिसके विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रार्थिया शानो आनंद ने 02 नवंबर की रात्रि थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अनमोल सारथी ने उसके पुत्र आयुष आनंद के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया। अश्लील गाली-गलौज व मारपीट के दौरान आरोपी ने जान से मारने की नीयत से आयुष के पेट और कमर पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन व वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर आरोपी अनमोल सारथी (21 वर्ष, निवासी महादेव वार्ड, कांकेर) को भंडारीपारा से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जप्त कर लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है।





