ब्युरो रिपोट जय खटवानी
चारामा पुलिस ने ग्राम पुरी के मुर्गा बाजार में दबिश देकर जुआ खेल रहे 16 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू और एसडीओपी श्री हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 08.11.2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पुरी के मुर्गा बाजार में कुछ लोग पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इस पर थाना चारामा, थाना कोरर और चौकी हल्बा की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके की घेराबंदी कर 16 जुआरियों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से नगदी ₹54,500, 3 चारपहिया वाहन, 6 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन सहित कुल ₹31,53,000 की संपत्ति जप्त की गई है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना चारामा में अपराध क्रमांक 236/26, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में धमतरी, कांकेर, बिलासपुर और स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं। इस सफल कार्रवाई में थाना चारामा, कोरर और चौकी हल्बा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाई जा सके। अपराध नियंत्रण में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।





