संवाददात उमा खरे
सीपत शराब भट्ठी के सामने अनियंत्रित हाइवा छत्तीसगढ़ शासन के बोर्ड से टकराया, मची अफरातफरी; दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगीं

सीपत क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार शाम एक अजीबोगरीब और बड़ा हादसा टल गया, हालांकि इस दुर्घटना के चलते मार्ग पर भारी अफरातफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाइवा क्रमांक CG 10 C 9445 का चालक वाहन लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि गियर की जगह गलती से लीवर का बटन दब जाने के कारण हाइवा का पिछला डाला ऊपर उठ गया। चालक को इस बात की भनक तक नहीं लगी और वह उठे हुए डाले के साथ ही काफी दूर तक वाहन चलाता रहा।
जैसे ही वाहन सीपत शराब भट्ठी के पास पहुंचा, हाइवा का उठा हुआ डाला सड़क के ऊपर लगे ‘छत्तीसगढ़ शासन’ के बोर्ड से जोरदार तरीके से जा टकराया। इस टक्कर से शासन का बोर्ड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सीपत थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मामले की गंभीरता से तस्दीक और जांच शुरू कर दी है।







