बलौदाबाजार में यादव समाज ने धूमधाम से मनाया अन्नकूट गोवर्धन पूजा, समाज को मिले 3 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात
बिलासपुर/बलौदाबाजार संवाददाता :अश्वनी यादव। शहर के हृदय स्थल दशहरा मैदान में यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी अन्नकूट गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में यादव समाज की मातृशक्ति ने पारंपरिक सुवा नृत्य और यादव समाज के युवाओं एवं भाइयों ने आकर्षक यादव नृत्य की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और सामाजिक परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। आयोजन में बड़ी संख्या में सर्वसमाज के लोगों ने शामिल होकर यादव समाज का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज प्रमुख एवं पांच बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके रायपुर जिला पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर यदु तथा बलौदाबाजार नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रोहित यादव एवं सुरेन्द्र यादव ने किया।

नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने अपने उद्बोधन में समाज के लोगों से मद्यपान से दूर रहने तथा सामाजिक एकता और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने गोवर्धन पूजा स्थल पर साहड़ा देव निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा झेरिया यादव समाज बलौदाबाजार के भवन में ब्लॉक टाइल्स लगाने के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह समाज को विकास कार्यों के लिए कुल 3 लाख रुपये की सौगात मिली। उनकी घोषणा का उपस्थित समाजजनों ने स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर विधिवत प्रसाद वितरण किया गया।

इस अवसर पर सुरेन्द्र यादव, संतोष यदु, भारत, रितेश, अभय, कुलदीप, रोहित, संजय, कैलाश, धीरज, भुरु, चीकू, रामलाल, दसरु, नन्नू, गीता, सीता, लक्ष्मी, पूजा, मालती सहित बड़ी संख्या में यादव समाज के महिला-पुरुष एवं सर्वसमाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।





