कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पल्सर बाइक लूटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, 11 नवम्बर 2026 कोटा पुलिस ने पल्सर मोटरसाइकिल लूट की वारदात का महज़ कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है
दिनांक 10 नवम्बर 2026 को प्रार्थी दुर्गेश साहू निवासी ग्राम समडील ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम गनियारी घरेलू सामान और पटाखे लेने आया था। तभी तीन अज्ञात लड़कों ने उसे रास्ते में रोककर मारपीट की और पैसों की मांग की। पैसे न देने पर वे उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 12 BL 1353) लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर तुरंत अपराध क्रमांक 981/2026 धारा 309(4), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभय सूर्यवंशी, नन्द कुमार केवट और नीरज सूर्यवंशी (सभी निवासी आजाद चौक, मंगला, बिलासपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि इन आरोपियों द्वारा पूर्व में भी थाना सिविल लाइन क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 70,000 रुपए कीमत की लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज और उनकी टीम के अन्य अधिकारियों की विशेष भूमिका रही।





