गौरा-गौरी पर्व पर अंबिका साहू और कविता यादव ने की पूजा-अर्चना, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
सांवतल और सकेती में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया पर्व, लोकसंस्कृति और छत्तीसगढ़ी परंपराओं को सहेजने का दिया संदेश
बिलासपुर/तखतपुर सवाददाता:अश्वनी यादव। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक गौरा-गौरी पर्व ग्राम सांवतल एवं ग्राम सकेती में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अंबिका विनोद साहू, सभापति सहकारिता एवं उद्योग स्थायी समिति तथा जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती कविता महेश यादव, सहकारिता, उद्योग, शिक्षा एवं महिला-बाल विकास स्थायी समिति सदस्य ने गौरा-गौरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। ग्रामीण महिलाओं एवं बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मिट्टी से गौरा-गौरी की प्रतिमाएं बनाकर पूजा की।

इस अवसर पर जनपद सदस्य कविता महेश यादव ने कहा कि गौरा-गौरी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी के संस्कार और हमारी सांस्कृतिक पहचान है। गौरा भगवान शिव और गौरी माता पार्वती का स्वरूप हैं। इस पर्व पर माताएं-बहनें अपने परिवार, गांव और बच्चों के सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगती हैं। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की महिलाएं अपनी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं, जो सराहनीय है। यह पर्व हमें एकता, सामाजिक सद्भाव और अपनी संस्कृति के संरक्षण का संदेश देता है।





