ब्युरो रिपोट जय खटवानी
भानुप्रतापपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: संतान प्राप्ति का झांसा देकर गहने लूटने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार
भानुप्रतापपुर।थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने अंधविश्वास और सम्मोहन का सहारा लेकर एक महिला को संतान प्राप्ति की दवा देने के बहाने ठगने और उसके गहने लूटने वाले दो फरार आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के 4 लॉकेट, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।

प्रार्थिया द्वारा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को कुछ लोग उसे निसंतान होने की दवा देने के बहाने उसके घर पहुंचे थे। इसके बाद 30 सितंबर को आरोपी पुनः उसके घर आए और हाथ की नाड़ी देखकर भूत-प्रेत या किसी के कुछ करने का डर दिखाया।

आरोपियों ने झांसा देकर और सम्मोहन (हाइप्नोटाइज) कर प्रार्थिया के पहने हुए 35,000 रुपये का सोने का मंगलसूत्र और 6,000 रुपये की चांदी की पायल उतरवा लीं। साथ ही, किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
जोत कुमार ठाकुर (उम्र 24 वर्ष), निवासी- शांति चौक, टेड़ेसरा, थाना सोमानी, जिला राजनांदगांव (छ.ग.)।
गोकुल (उम्र 27 वर्ष), निवासी- आतापारा, आरीकोनारी, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव (छ.ग.)।
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री निखिल अशोक राखेचा (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक, कांकेर के निर्देशन एवं श्री शेरबहादुर सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, भानुप्रतापपुर के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज (थाना प्रभारी भानुप्रतापपुर), सहायक उपनिरीक्षक रामवीर जाड़े, और आरक्षक क्रमांक 735 राजकुमार यादव की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।





