पीएम जनमन से संवर रहीं बैगा-बिरहोर बस्तियां, पक्के मकान और सड़कों से बदली तस्वीर
जनजातीय गौरव दिवस विशेष : 786 परिवारों को मिले पक्के आवास, 1,746 परिवारों तक पहुंचा पेयजल, 50 बसाहटें मोबाइल नेटवर्क से जुड़ीं
बिलासपुर ,संवाददाता: अश्वनी यादव। जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और सर्वांगीण विकास को लेकर संचालित प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) से जिले की बैगा और बिरहोर बस्तियों में बदलाव की तस्वीर उभर रही है। दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के परिवारों तक पक्के मकान, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचने से उनके जीवन में नई उम्मीद जगी है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस पर ये उपलब्धियां जनजातीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई हैं।
40 गांवों की 54 बसाहटों तक पहुंचा विकास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए पीएम जनमन अभियान के तहत बिलासपुर जिले के 40 ग्रामों की 54 पीवीटीजी बसाहटों के 1,858 परिवारों के 6,420 लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत 26 अक्टूबर 2026 तक जिले में 786 पक्के आवास पूरे हो चुके हैं। वहीं 21 सड़कों का निर्माण पूरा किया गया है, जिनकी कुल लंबाई 69.10 किलोमीटर है। जल जीवन मिशन के माध्यम से 1,746 परिवारों तक पेयजल सुविधा पहुंचाई गई है। विद्युत विभाग के 61 विद्युतीकरण कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं। इसके अलावा पांच आंगनबाड़ी भवन और दो बहुउद्देशीय केंद्रों का निर्माण किया गया है। दूरस्थ बस्तियों को संचार सुविधा से जोड़ने के लिए 54 में से 50 बसाहटों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है।


स्वास्थ्य, शिक्षा और संचार सुविधाओं से बढ़े अवसर
दूरस्थ जनजातीय बस्तियों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन किया जा रहा है। क्रेडा के माध्यम से 23 घरों में सौर प्रकाश और दो बहुउद्देशीय केंद्रों में सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है। ग्राम टाटीधार के डोंगीझार और कोंचरा के कंदईपारा में बहुउद्देशीय केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में सामुदायिक बैठक, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। पांच आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण से बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर आधार मिलेगा। जनजातीय बस्तियों में सड़क, बिजली, पानी और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बढ़ने से अब शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान हो रही है। जनजातीय गौरव दिवस पर पीएम जनमन की ये उपलब्धियां इस बात का संकेत हैं कि विकास के साथ जनजातीय परिवारों का आत्मविश्वास भी मजबूत हो रहा है।





