बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चिटफंड कंपनी खोलकर लाखों की ठगी करने वाले डायरेक्टर सहित 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ | 13 नवंबर 2026सरकंडा थाना अंतर्गत चौकी मोपका पुलिस ने चिटफंड कंपनी के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ‘प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड’ नामक फर्जी कंपनी के डायरेक्टर और संचालक थे, जो कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर फरार हो गए थे।

यह है पूरा मामला:
प्रार्थी तीरथ राम रात्रे (निवासी सीपत) ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2012-13 में आरोपियों ने मिलकर उक्त चिटफंड कंपनी की स्थापना की थी। उन्होंने ग्रामीणों को मात्र 6 साल में पैसे दोगुना करने का लालच दिया। प्रार्थी और उसके परिचितों से लगभग 24 लाख रुपये जमा कराने के बाद कंपनी अचानक बोरिया-बिस्तर समेटकर बंद हो गई और संचालक फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 1668/26, धारा 420, 34 भादवि एवं छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण (PDI Act) की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- डेरहा प्रसाद (उम्र 58 वर्ष, निवासी मोपका, बिलासपुर)ताराचंद पाटले (उम्र 56 वर्ष, निवासी पामगढ़, जांजगीर-चांपा)बसंत यादव (उम्र 70 वर्ष, निवासी खरौद, जांजगीर-चांपा)रतन लाल कुर्रे (उम्र 55 वर्ष, निवासी पामगढ़, जांजगीर-चांपा)
पुलिस ने पूछताछ के दौरान आरोपियों से कंपनी द्वारा जारी किए गए बॉन्ड पेपर, रसीदें और पासबुक आदि बरामद कर लिए हैं। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस ठगी में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।





