शांति भंग करने के आरोप में 6 युवक गिरफ्तार, सरकंडा पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और विवाद कर रहे थे आरोपी; समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस ने भेजा न्यायालय
बिलासपुर। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में सरकंडा पुलिस ने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर वाद-विवाद और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन तथा एएसपी (शहर) पंकज पटेल और सीएसपी (सरकंडा) तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक सार्वजनिक स्थान पर विवाद और हुड़दंग मचाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवकों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और संज्ञेय अपराध घटित करने पर आमादा रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके से ही सभी 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
इन आरोपियों पर हुई कार्यवाही:
पुलिस ने इस मामले में श्याम नगर लिंगियाडीह निवासी राहुल कलशा (26), चांटीडीह पठान मोहल्ला निवासी वकील कुरैशी (44), बंधवापारा निवासी रेहान खान (20), सतबहिनीया मंदिर के पास बंधवापारा निवासी समीर हुसैन (19), अशोक नगर निवासी दीपक साहू (18) और मुरूम खदान अशोक नगर निवासी शनि यादव (19) को गिरफ्तार किया है। बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।





