तखतपुर में 4.50 करोड़ से बनेगा नालंदा परिसर, 1.60 करोड़ से होगा परमेश्वरी तालाब का सौंदर्यीकरण
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शिलान्यास और भूमिपूजन, विद्यार्थियों को संघर्ष से सफलता तक का सफर बताकर किया प्रेरित

बिलासपुर/तखतपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को तखतपुर में करीब 6.10 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने जीएमपी स्कूल के पास 4.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले 250 सीटों के नालंदा परिसर का शिलान्यास तथा 1.60 करोड़ रुपए की लागत से परमेश्वरी तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक धरमजीत सिंह ने की।
समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई से लेकर आईएएस बनने तक का सफर चुनौतियों से भरा रहा, लेकिन मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत ने सफलता का रास्ता बनाया। विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने तखतपुर के विद्यार्थियों के लिए करियर संबंधी एक हजार पुस्तकें उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
वित्त मंत्री ने कहा कि नालंदा परिसर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा। प्रदेश में 22 स्थानों पर ऐसे परिसर विकसित किए जा रहे हैं। विधायक धरमजीत सिंह ने इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया। नगरपालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने भी परिसर को ज्ञान और संस्कार का केंद्र बताया।
इस दौरान वित्त मंत्री ने क्षेत्र की सिंचाई योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का भरोसा दिया और किसानों से कोचियों व दलालों से सावधान रहने की अपील की। कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान के प्रश्न का सही उत्तर देने वाले छात्र आयुष जांगड़े को एक हजार रुपए देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललिता कश्यप, जनपद अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला अध्यक्ष दीपक सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






