सम्मान समारोह के साथ नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
बिलासपुर/मुंगेली सववाददाता अश्वनी यादव। सतनाम सतपुरुष सामाजिक उत्थान समिति डोमनपुर के तत्वावधान में सम्मान समारोह एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं स्मरण के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित कर उनके सामाजिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, शिक्षा, नशामुक्ति और जागरूकता का संदेश दिया गया।
समारोह के दौरान समिति की ओर से नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत रैली निकालकर आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। नशे की लत से युवा पीढ़ी को बचाने के लिए परिवार, समाज और युवाओं को सामूहिक रूप से आगे आना होगा। स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे से दूरी बनाना आवश्यक है।
वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी, फर्जी फोन कॉल, अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से होने वाले आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, एटीएम विवरण, पासवर्ड और ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से जानकारी देने की प्रक्रिया भी समझाई गई। लोगों से डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की गई।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सतनाम सतपुरुष सामाजिक उत्थान समिति का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, समानता, मानवता और भाईचारे के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। समाज में शिक्षा का प्रसार, सामाजिक एकता, नशामुक्ति, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना तथा जनहित से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि केवल सम्मान समारोह आयोजित करना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि समाज में अच्छे कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना और उनके कार्यों से दूसरों को प्रेरित करना भी जरूरी है।


पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाए। युवाओं को शिक्षा, संस्कार और जागरूकता के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। समिति द्वारा भविष्य में भी सामाजिक उत्थान एवं जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के संरक्षक श्री संजय कुर्रे, अध्यक्ष श्री बसंत मोहले, श्री चंद्रकुमार बघेल, श्री मुकेश खुटले, श्री छयाँक खरे, समाज कल्याण विभाग नशामुक्ति केंद्र के पूर्व जिला नोडल अधिकारी श्री नीलकंठ टोंडे, श्री गेंदराम साहू, श्री रूपेंद्र यादव, वित्तीय साक्षरता केंद्र मुंगेली से अमित यादव, श्री शैलेन्द्र, श्री दशरथ डाहिरे, पूर्व डीएसपी श्री सीताराम, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री नर्मदा खरे सहित समाज की माताओं, युवा साथियों एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।





