थाना कोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरैया के जंगल में अज्ञात पुरुष का जली हुई अवस्था में शव बरामद, पुलिस द्वारा सघन जांच जारी।
बिलासपुर/थाना कोटा पुलिस को मुखबिर एवं स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सरैया के जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोटा की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल की तस्दीक हेतु मौके पर रवाना हुई।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पर ग्राम सरैया मुख्य मार्ग से लगभग 50 मीटर भीतर जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात पुरुष का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बुरी तरह जली हुई अवस्था में पाया गया। मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा साक्ष्य संकलन हेतु फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम एवं डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया।
FSL के वैज्ञानिक अधिकारियों और डॉग स्क्वाड की टीम की उपस्थिति में संपूर्ण घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए गए। तत्पश्चात, वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए गवाहों के समक्ष शव का पंचनामा तैयार किया गया। मृतक की शिनाख्तगी एवं मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने हेतु शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर रवाना किया गया है।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशानुसार मृतक की पहचान सुनिश्चित करने तथा अज्ञात आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस की विशेष टीमें गठित कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।





