ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के विरुद्ध बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 25 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज बरामद, आरोपियों के विरुद्ध LOC जारी।
बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला के माध्यम से अवैध धन के लेन-देन के एक बड़े संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का बिलासपुर पुलिस ने खुलासा किया है। थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की विवेचना के दौरान पुलिस को देश के विभिन्न राज्यों में फैले हवाला नेटवर्क और विदेश, विशेषकर दुबई में अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं।

विवेचना के क्रम में पुलिस टीम द्वारा 13 नवंबर 2026 को संदिग्ध ठिकानों पर की गई तलाशी कार्रवाई में लगभग 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज तथा करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन संपत्तियों के वास्तविक स्रोत, खरीद-बिक्री और लाभार्थियों की गहन पड़ताल कर रही है। अपराध से अर्जित संपत्तियों की पुष्टि होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकरण में आरोपी सुनील रोहरा (पिता दिलीप कुमार रोहरा) एवं मनीष रोहरा (पिता दिलीप कुमार रोहरा) की मुख्य भूमिका सामने आई है, जबकि जबलपुर निवासी आकाश गोगा का नाम संदेही के रूप में चिह्नित किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उनके विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
बिलासपुर पुलिस का उद्देश्य केवल सट्टा संचालकों तक सीमित न रहकर इस पूरे अवैध वित्तीय और हवाला तंत्र को ध्वस्त करना है। मामले में बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच जारी है, जिसके आधार पर आगामी दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।





