जनजातीय गौरव दिवस पर 16 नवंबर को बिलासपुर में होगा जिला स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे शामिल
विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे मुख्यमंत्री, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में दोपहर 12 बजे से होगा आयोजन
बिलासपुर | सवाददाता अश्वनी यादव | जनजातीय गौरव दिवस समारोह वर्ष 2026 के अंतर्गत 16 नवंबर को बिलासपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह भी होगा। कार्यक्रम लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में दोपहर 12 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री रामविचार नेताम एवं केदार कश्यप अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सभापति भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष राजा पांडेय, संजय अग्रवाल एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत पर होगा फोकस
जनजातीय गौरव दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर है। जिला स्तरीय समारोह के माध्यम से जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देने के साथ विकास कार्यों को भी गति देने का संदेश दिया जाएगा। आमंत्रण पत्र के अनुसार कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन आदिवासी विकास विभाग, बिलासपुर द्वारा किया जा रहा है।





