कुछ रिश्ते समय से नहीं, स्मृतियों से जीवित रहते हैं मोहन मदवानी जी : पत्रकारिता के सफर में मिला एक आत्मीय रिश्ता
— सुरेश सिंह बैस ‘शाश्वत’, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
समय अपनी गति से चलता रहता है। जीवन की राह में न जाने कितने लोग मिलते हैं, कितनों से संबंध बनते हैं और फिर परिस्थितियां, दूरियां और समय हमें उनसे अलग कर देते हैं। कुछ लोग हमारे साथ चलते हुए अचानक पीछे छूट जाते हैं, तो कुछ नए लोग जीवन की राह में आकर अपना स्थान बना लेते हैं। यह मिलना और बिछुड़ना, जुड़ना और दूर होना ही शायद जीवन की स्वाभाविक गति है। इस आपाधापी में जिंदगी कब कितनी दूर निकल जाती है, इसका अहसास भी नहीं होता। लेकिन इस लंबी यात्रा में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जिन पर समय की धूल कभी नहीं जमती। वर्षों तक मुलाकात न हो, बातचीत कम हो जाए, रास्ते अलग हो जाएं, फिर भी मन के किसी कोने में वे लोग उसी आत्मीयता के साथ बसे रहते हैं, जैसे कल ही उनसे मुलाकात हुई हो।

मोहन मदवानी जी मेरे लिए ऐसे ही आत्मीय रिश्ते का नाम हैं। आज सुबह जब उनसे अमेरिका के न्यूयॉर्क से बात हुई तो लगा जैसे समय अचानक पीछे लौट गया हो। आवाज वही अपनापन लिए हुए थी और बातचीत में वही पुरानी आत्मीयता। उन्होंने बताया कि वे इस समय विश्व प्रसिद्ध नियाग्रा फॉल्स के पास हैं। उसकी सुंदरता का वर्णन करते हुए उनके शब्दों में एक बच्चे जैसी उत्सुकता और यात्री जैसी प्रसन्नता महसूस हो रही थी। अमेरिका के अनेक दर्शनीय स्थलों—स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी, व्हाइट हाउस, नियाग्रा फॉल्स और दूसरे प्रसिद्ध स्थानों का भ्रमण करते हुए वे वहां की स्मृतियां अपने भीतर संजो रहे हैं। मैं फोन पर उनकी बातें सुन रहा था और मन अनायास ही चार दशक पीछे चला गया।
पहली मुलाकात और पत्रकारिता के शुरुआती दिन
यह बात लगभग 1988-89 की होगी। उन दिनों मैं और मेरे साथी एवं बचपन के मित्र अशोक व्यास जी पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में नए-नए कदम रख रहे थे। लिखने-पढ़ने की रुचि थी, पत्रकारिता का जुनून था और नए लोगों से मिलने तथा उनसे सीखने की एक स्वाभाविक ललक भी।
बिलासपुर के बृहस्पति बाजार में उन दिनों कई समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के कार्यालय हुआ करते थे। हम भी अक्सर वहां जाया करते थे। उन्हीं दिनों एक दिन हम दोनों ‘आदर्श भूमि’ के कार्यालय पहुंचे। ऊपरी मंजिल पर स्थित उस छोटे से कार्यालय में हमारी पहली मुलाकात मोहन मदवानी जी से हुई। ‘आदर्श भूमि’ एक साप्ताहिक अखबार था और मोहन जी उसके संपादक थे। पहली मुलाकात में ही उन्होंने जिस आत्मीयता और अपनत्व के साथ हमारा स्वागत किया, वह आज भी स्मृति में ताजा है।
उन्होंने हमें अपने पास बैठाया, काफी देर तक बातचीत की और जब उन्हें पता चला कि हम पत्रकारिता और लेखन में रुचि रखते हैं, तो सहज भाव से कहा— “आप लोग आते रहिए। अपने समाचार, लेख और कविताएं दीजिए। हम उन्हें प्रकाशित करेंगे।” उनका यह छोटा-सा वाक्य उस समय हमारे लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन था। फिर क्या था, उस दिन के बाद ‘आदर्श भूमि’ के कार्यालय में हमारा आना-जाना बढ़ गया। हम समाचार और लेख लेकर पहुंचते, मोहन जी उनसे चर्चा करते और उन्हें अखबार में स्थान देते। जब हमारा कोई लेख या कविता ‘आदर्श भूमि’ में प्रकाशित होती, तो हमें उसकी प्रति देते हुए बड़े उत्साह से कहते— “देखिए, आपकी रचना छप गई है।” उस समय अपनी लिखी हुई रचना को अखबार में छपा देखना आज की तरह सामान्य बात नहीं थी। वह हमारे लिए खुशी का क्षण होता था। और उससे भी बड़ी खुशी यह थी कि हमारी प्रतिभा पर किसी ने विश्वास किया था।
तीन लोगों के बीच बना आत्मीय रिश्ता
धीरे-धीरे मोहन जी, अशोक व्यास जी और मेरे बीच एक ऐसा संबंध बन गया, जिसे केवल पत्रकारिता का संबंध कहना उसके साथ न्याय नहीं होगा। उसमें मित्रता थी, भाईचारा था, सम्मान था और सबसे बढ़कर आत्मीयता थी। हम उनसे और वे हमसे सीखते थे, एक-दूसरे को हम प्रोत्साहित करते थे और हम अपने-अपने लेखन के अनुभव उनसे साझा करते थे। पत्रकारिता के शुरुआती संघर्षों में ऐसे लोगों का मिलना बहुत मायने रखता है, जो बिना किसी स्वार्थ के आपकी प्रतिभा को पहचानें और आपको आगे बढ़ने का हौसला दें। मोहन जी ने हमारे भीतर उस समय जो विश्वास पैदा किया, उसकी स्मृति आज भी मेरे मन में सुरक्षित है।
गिरधारीलाल मतलानी जी से परिचय
इसी दौरान मोहन जी ने हमारी मुलाकात स्वर्गीय गिरधारीलाल मतलानी जी से भी करवाई। ‘आदर्श भूमि’ के मुद्रक और प्रकाशक मतलानी जी का कारोबार नीचे की मंजिल पर था और ऊपर अखबार का काम चलता था। बाहर से देखने पर वे एक सफल व्यवसायी दिखाई देते थे, लेकिन उनके व्यक्तित्व में केवल व्यापार नहीं था; उसमें इंसानियत, मिलनसारिता और समाज के प्रति संवेदना भी थी। मुझे हमेशा यह बात प्रभावित करती रही कि उन्होंने व्यापार के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी महत्व दिया। राजनीति में भी उन्होंने सक्रियता दिखाई और एक कार्यकाल में पार्षद रहे। लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और जनसेवा करने का प्रयास किया। बाद में उनकी सुपुत्री ने भी पार्षद का चुनाव जीतकर अपने क्षेत्र में जनसेवा की। परिवार में समाज और लोगों के प्रति जुड़ाव की यह भावना देखकर अच्छा लगता था। मतलानी जी और मोहन जी के बीच भी आत्मीय संबंध था। एक ओर मतलानी जी का व्यावसायिक अनुभव था, तो दूसरी ओर मोहन जी की पत्रकारिता और साहित्य के प्रति गहरी रुचि। इसी संगम से ‘आदर्श भूमि’ जैसे अखबार को अपना स्वरूप मिला।
मोहन जी का संघर्ष और सादगी
मोहन मदवानी जी को जितना मैंने जाना, वे हमेशा बहुत सरल, सहज और मिलनसार व्यक्ति लगे। उनका जीवन भी संघर्ष से होकर आगे बढ़ा। एक छोटे से साइकिल व्यवसाय से जीवन की शुरुआत करने के बाद धीरे-धीरे साहित्य और पत्रकारिता की ओर उनका रुझान बढ़ा। उन्होंने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में अपनाया। ‘आदर्श भूमि’ में संपादक के रूप में उन्होंने पूरी निष्ठा और लगन से काम किया। बाद में भी वे विभिन्न समाचार पत्रों और पत्रिकाओं के माध्यम से पत्रकारिता और लेखन से जुड़े रहे।
उनकी सबसे बड़ी विशेषता मुझे उनकी सादगी और सक्रियता लगती है। आज उम्र के इस पड़ाव पर भी जब उन्हें सक्रिय देखता हूं तो मन में एक सुखद आश्चर्य होता है। पत्रकारिता के प्रति वही लगाव, वही जिज्ञासा और वही जीवंतता अब भी दिखाई देती है। कभी-कभी प्रेस क्लब में उनकी तलाश करता हूं और वे दिखाई नहीं देते, तो मन में सहज ही सवाल उठता है— “आज प्रेस क्लब में मोहन जी दिखाई क्यों नहीं दे रहे हैं?” यही तो रिश्तों की खूबसूरती है। कोई व्यक्ति आपके आसपास न हो, फिर भी उसकी उपस्थिति आपके मन में बनी रहती है।
वह एक विवाह समारोह भी याद आता है
मोहन जी के साथ एक बार मतलानी जी के परिवार के विवाह समारोह में जाने का अवसर मिला था। वह आयोजन आज भी मेरी स्मृतियों में बसा हुआ है। भव्यता तो थी ही, लेकिन उससे अधिक याद रह गई थी उनकी आत्मीय मेहमाननवाजी। जिस गर्मजोशी और सम्मान के साथ अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया, वह उस समय भी मन को छू गया था। समय बीत गया। वह समारोह अब स्मृति बन चुका है। मतलानी जी भी इस संसार में नहीं हैं। लेकिन कुछ दृश्य ऐसे होते हैं जिन्हें समय मिटा नहीं पाता।
लोग चले जाते हैं, लेकिन उनके साथ बिताए हुए क्षण हमारे भीतर कहीं जीवित रह जाते हैं। मोहन जी के शब्द आज भी याद हैं। मोहन जी अक्सर मेरी लेखनी को लेकर उत्साहित करते थे। एक बार उन्होंने मुझसे कहा था कि आपने पत्रकारिता काफी पहले शुरू कर दी है और जनसामान्य की समस्याओं को जिस तरह से लिखते हैं, उसमें लोगों की आवाज दिखाई देती है। अशोक व्यास जी के बारे में भी वे कहते थे कि वे भविष्यवाणी और ज्योतिष के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उनकी इन बातों में कोई औपचारिक प्रशंसा नहीं होती थी। उसमें एक वरिष्ठ साथी का अपने छोटे साथियों के प्रति स्नेह और प्रोत्साहन होता था। शायद यही कारण है कि उनके कहे हुए वे शब्द आज भी स्मृति में सुरक्षित हैं।
आज न्यूयॉर्क से आई आवाज
आज सुबह उनसे बात हुई तो वे न्यूयॉर्क में थे। उन्होंने बताया कि वे अपने पुत्र और परिवार से मिलने अमेरिका के न्यूयॉर्क आए हुए हैं। वहां रहते हुए वे विभिन्न स्थानों का भ्रमण भी कर रहे हैं और वहां की प्रकृति तथा ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देख रहे हैं। जब उन्होंने नियाग्रा फॉल्स का जिक्र किया तो लगा जैसे उनकी आंखों के सामने उस विशाल जलप्रपात का दृश्य हो और वे उसे शब्दों में मेरे सामने उतारने का प्रयास कर रहे हों।
मैं सोच रहा था—समय सचमुच कितना बदल गया है। जिस दौर में हम बृहस्पति बाजार के एक छोटे-से अखबार कार्यालय में बैठकर हाथ से कंपोजिंग और छपाई के दिनों की पत्रकारिता करते थे, उसी दौर का हमारा साथी आज हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका में नियाग्रा फॉल्स के सामने खड़ा है। तब अखबार के पन्ने हाथ से बनते थे। कंप्यूटर नहीं आया था। खबरें और लेख लेकर कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़ता था। आज संचार की दुनिया बदल गई है। दूरी समाप्त हो गई है। अमेरिका में बैठे व्यक्ति से बिलासपुर में बैठकर उसी क्षण बात की जा सकती है।
लेकिन तकनीक बदल गई, दुनिया बदल गई, जीवन बदल गया—रिश्तों की आत्मीयता नहीं बदली। कुछ रिश्ते मुलाकात के मोहताज नहीं होते। मोहन मदवानी जी से मेरी मुलाकातें अब पहले जैसी नहीं हैं। जीवन की अपनी व्यस्तताएं हैं, समय की अपनी सीमाएं हैं और उम्र के साथ जीवन के रास्ते भी बदलते जाते हैं। लेकिन कुछ संबंध ऐसे होते हैं जिन्हें रोज मिलने की जरूरत नहीं होती। वे मन में रहते हैं। स्मृतियों में रहते हैं। बातों में रहते हैं। कभी किसी पुराने अखबार के पन्ने में मिल जाते हैं, कभी किसी पुराने कार्यालय की याद में, कभी किसी मित्र की चर्चा में और कभी अचानक अमेरिका से आए एक फोन में।
आज मोहन जी की आवाज सुनकर मुझे फिर वही बृहस्पति बाजार याद आया। वही ऊपर की मंजिल का ‘आदर्श भूमि’ का कार्यालय, वही शुरुआती पत्रकारिता के दिन, वही उत्साह, वही सपने, वही मित्र अशोक व्यास जी और वही आत्मीय मोहन मदवानी जी। कितना कुछ बदल गया। कितने लोग आए और चले गए। कितने चेहरे स्मृतियों में धुंधले पड़ गए। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे हैं जो समय के साथ पुराने नहीं होते, बल्कि और गहरे होते जाते हैं।
मोहन मदवानी जी मेरे लिए ऐसा ही एक रिश्ता हैं। आज वे न्यूयॉर्क, अमेरिका की धरती पर हैं। नियाग्रा के जलप्रपात की विराटता देख रहे हैं, विश्व प्रसिद्ध स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। लेकिन मेरे मन में वे आज भी उसी बृहस्पति बाजार के छोटे-से अखबार कार्यालय में बैठे दिखाई देते हैं, जहां एक युवा पत्रकार और लेखक को उन्होंने अपनत्व से बैठाकर कहा था— “आते रहिए… अपने लेख और कविताएं देते रहिए, हम प्रकाशित करेंगे।” कभी-कभी लगता है, जिंदगी में मिले लोगों की सबसे बड़ी पहचान यह नहीं होती कि वे हमारे साथ कितने वर्षों तक रहे। सबसे बड़ी पहचान यह होती है कि उनके चले जाने के बाद भी वे हमारे भीतर कितने वर्षों तक जीवित रहते हैं।
मोहन जी जैसे लोग इसी अर्थ में जीवन की अमूल्य स्मृतियां हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें, दीर्घायु करें और उनकी यह जिजीविषा, सक्रियता और पत्रकारिता के प्रति प्रेम यूं ही बना रहे। और हां मोहन जी, जब आप अमेरिका से वापस बिलासपुर लौटेंगे तो फिर कभी बृहस्पति बाजार के उन दिनों की तरह बैठकर पुरानी यादों की चाय जरूर पीनी है। क्योंकि कुछ बातें फोन पर नहीं होतीं… कुछ रिश्तों को फिर से जीने के लिए आमने-सामने बैठना पड़ता है।
— सुरेश सिंह बैस “शाश्वत”
वरिष्ठ पत्रकार, लेखक, समाजसेवी एवं अधिवक्ता





