संवाददाता रुपचंद अग्रवाल
शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय बिल्हा में “युवा संवाद : लोकतंत्र के लिए युवा” का गरिमामय आयोजन
बिल्हा। शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय बिल्हा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में “लोकतंत्र के लिए युवा” विषय पर “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने, संविधान के मूल्यों को अपनाने, महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक बिल्हा एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति युवा है और जागरूक युवा ही मजबूत लोकतंत्र का आधार है। उन्होंने मतदान को अधिकार के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति पवित्र कर्तव्य बताते हुए युवाओं से संविधान को जीवन में आत्मसात करने, नशे से दूर रहने तथा अनुशासन व सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाधान की दिशा में किए गए प्रश्न लोकतंत्र की आत्मा हैं। श्री कौशिक ने महिलाओं और युवतियों की बराबरी की भागीदारी पर बल देते हुए छात्राओं से शिक्षा के साथ स्थानीय स्वशासन व समाज सेवा में सक्रिय होने तथा पंचायत से संसद तक अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘अमृत काल’ के इस दौर में हमारे आज के प्रयासों से ही वर्ष 2047 में ‘विकसित भारत’ का संकल्प साकार होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्रेडा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री भूपेन्द्र सवन्नी ने लोकतंत्र की तुलना खेल के मैदान से करते हुए कहा कि जिस प्रकार खेल में नियम, अनुशासन, टीम भावना और हार-जीत को स्वीकार करने की क्षमता आवश्यक है, उसी प्रकार लोकतंत्र में संविधान के नियमों का पालन, धैर्य और सबको साथ लेकर चलना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से हार से निराश न होकर उससे सीखने तथा नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाला और नेतृत्वकर्ता बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन खेल, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से भारत 2047 तक निश्चित रूप से विकसित राष्ट्र बनेगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री सतीश शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री देने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और नागरिक बोध देने का मंदिर है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनते हुए सोशल मीडिया के युग में अफवाहों से बचने और तथ्यों पर आधारित विचार रखने की सलाह दी, साथ ही जनभागीदारी समिति की ओर से ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन देने की बात कही।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेण्ड्रे, जनपद अध्यक्ष श्री रामकुमार कौशिक एवं जिला भाजपा महामंत्री श्री सोमेश तिवारी की उपस्थिति रही। स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. (श्रीमती) सावित्री त्रिपाठी ने कहा कि यह संवाद युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना जागृत करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने मतदान जागरूकता, संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनके अतिथियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिए। कार्यक्रम के संयोजक यूथ रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल रहे। मंच संचालन डॉ. आर. पी. शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री खगेश कुमार ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री उमाशंकर कश्यप, युवा संवाद कार्यक्रम प्रभारी श्री केतन वर्मा, श्री रितेश अग्रवाल, श्री मोहन ढोरिया, वैभव गुप्ता, अशोक कौशिक, कोमल ठाकुर, नरेन्द्र सन्नाड, पार्षदगण—राजेश शर्मा, विमला मानिकपुरी, बंशी रात्रे, अभय अग्रवाल, रामकली प्रजापति, संदीप सलूजा, विश्वासा मानिकपुरी, भाजपा पदाधिकारी, पत्रकार बंधु, गणमान्य नागरिक, डॉ. एम. आर. आगर, डॉ. पी. एल. पटेल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





