सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ टिप्पणी का मामला, क्रांति सेना ने की एफआईआर की मांग

बिलासपुर/सकरी। सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़िया समाज के खिलाफ कथित अपमानजनक, अभद्र एवं धमकी भरे बयान प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने पुलिस थाना सकरी में शिकायत सौंपकर संबंधित महिला मधुबाला गिरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में महिला द्वारा छत्तीसगढ़िया समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। साथ ही समाज को जाहिल-गंवार और अनपढ़ कहकर संबोधित करने तथा चप्पल से मारने जैसी धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है।
आवेदनकर्ताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी क्षेत्र विशेष के मूल निवासी समाज को सामूहिक रूप से अपमानित करना उचित नहीं है। इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस मामले में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के ब्लॉक अध्यक्ष बलराम साहू, खिलेश्वर सिंगरौल एवं संजय कौशिक ने पुलिस से संबंधित वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के साथ संबंधित वीडियो के स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया पोस्ट का लिंक भी संलग्न किए जाने का उल्लेख है।





