संवाददाता उमा खरे
देवउठनी एकादशी पर बेमौसम बारिश ने तोड़ी गन्ना व्यापारियों की कमर, लाखों का नुकसान
शहर बिलासपुर देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर देव पूजा के लिए बड़ी उम्मीदों के साथ गन्ना लेकर पहुंचे व्यापारियों को इस बार बेमौसम बारिश ने करारा झटका दिया है। पर्व पर गन्ने की अच्छी बिक्री और मुनाफे की आस लगाए बैठे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। बारिश के कारण शहर की सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, जिससे पूजा सामग्री और गन्ने की खरीद-बिक्री बुरी तरह प्रभावित हुई।

व्यापारी भाइयों ने बताया कि वे हजारों रुपये की लागत लगाकर गन्ने की खेप शहर में लेकर आए थे, लेकिन लगातार हुई बारिश के चलते खरीदार घरों से बाहर ही नहीं निकले। हालात ऐसे बने कि हजारों रुपये के गन्ने के मुकाबले मुश्किल से 2 से 3 हजार रुपये की ही बिक्री हो पाई। इससे उन्हें अपनी पूंजी निकालना भी मुश्किल हो गया है और लागत व परिवहन का खर्च भी जेब से भरना पड़ रहा है।

सबसे अधिक मार कवर्धा से आए व्यापारियों पर पड़ी है। जानकारी के अनुसार, कवर्धा से 50 हजार से 1 लाख रुपये तक के गन्ने बिक्री के लिए लाए गए थे, लेकिन बारिश और सूने रास्तों के कारण माल उठ ही नहीं पाया। बिक्री न होने से व्यापारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है, जिससे उनकी त्योहारी खुशियां काफूर हो गईं और आर्थिक संकट गहरा गया है।

व्यापारियों का कहना है कि देवउठनी एकादशी पर गन्ने की मांग पारंपरिक रूप से काफी रहती है, इसलिए उन्होंने कर्ज और जमापूंजी लगाकर बड़ी मात्रा में स्टॉक तैयार किया था। अचानक हुई बरसात ने पूरा गणित बिगाड़ दिया और सड़कें सूनी रहने से ग्राहकों की आवाजाही लगभग ठप रही। प्रभावित व्यापारियों ने प्रशासन से स्थिति का संज्ञान लेने और नुकसान की भरपाई व राहत के लिए उचित कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।





