विवाद के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़ी चुप्पी, संगठन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ब्लॉक संगठन पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप, पूर्व विधायक अनुप नाग की वापसी को बताया संगठनात्मक मजबूती से जुड़ा मुद्दा
का॑केर/आमाबेड़ा। अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक अनुप नाग और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दुर्गेश ठाकुर के बीच हुए विवाद के बाद अब कांग्रेस के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। विवाद के थाना तक पहुंचने और गोल्डन चौक अंतागढ़ में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा पुतला दहन किए जाने के बाद पार्टी के अंदर से ही अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पहले कांग्रेस मंडल पोड़गांव के अध्यक्ष रमेश बघेल ने पूर्व विधायक अनुप नाग के समर्थन में अपनी बात रखी थी। अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आमाबेड़ा के पदाधिकारियों ने भी संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है।
ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2016-17 के विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पूरी एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी के लिए काम किया था। गांव-गांव जाकर प्रचार किया और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस दौरान पार्टी को बड़ी जीत मिली, लेकिन चुनाव के बाद सरकार बनने पर जमीनी कार्यकर्ताओं की पूछ-परख नहीं हुई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संगठन ने उनकी समस्याओं और नाराजगी को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते कई पुराने कार्यकर्ता निराश होकर पार्टी से दूर हो गए। कुछ कार्यकर्ता पूर्व विधायक मंतूराम पवार के समर्थक दल में चले गए, जबकि कुछ पूर्व विधायक अनुप नाग को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके साथ खड़े हो गए। कार्यकर्ताओं का मानना है कि पुराने साथियों की नाराजगी का असर पिछले विधानसभा चुनाव में भी देखने को मिला और अंतागढ़ सीट पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
विवाद के बाद सामने आया संगठन के भीतर असंतोष
अंतागढ़ में पूर्व विधायक और ब्लॉक अध्यक्ष के बीच हुआ विवाद अब केवल दो नेताओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसके बहाने पार्टी के भीतर लंबे समय से चल रही नाराजगी भी सामने आने लगी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद रूठे हुए पुराने कार्यकर्ताओं को वापस जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने की बातें जरूर हुईं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित प्रयास नहीं दिखाई दिए। उनका आरोप है कि संगठनात्मक गतिविधियां सीमित रहने से कार्यकर्ताओं में दूरी बढ़ती गई। अब विवाद सामने आने के बाद पुराने कार्यकर्ता भी अपनी बात खुलकर रख रहे हैं। क्षेत्र में इस घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते संगठन के भीतर संवाद और समन्वय स्थापित नहीं किया गया तो इसका असर पार्टी की आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर पड़ सकता है।
मधु पटेल बोलीं- विवाद से पार्टी की छवि प्रभावित, सभी को जोड़कर चलने की जरूरत
कांग्रेस मंडल अध्यक्ष आमाबेड़ा मधु पटेल ने कहा कि पार्टी के भीतर इस तरह के विवादों से संगठन की छवि प्रभावित होती है। वर्तमान समय में आपसी विवाद के बजाय संगठन को मजबूत करने और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अनुप नाग के कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए थे, जिनकी चर्चा आज भी लोगों के बीच होती है। उनके अनुसार यदि पार्टी के भीतर आपसी मतभेद दूर कर पूर्व विधायक अनुप नाग की वापसी का रास्ता बनता है तो इससे संगठन को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कहा कि टिकट का निर्णय पार्टी हाईकमान पर छोड़कर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन के लिए मिलकर काम करना चाहिए। पार्टी की प्राथमिकता आपसी मतभेद समाप्त कर एकजुटता बनाए रखना होना चाहिए।
राजेंद्र नेगी बोले- तीन साल में रूठे कार्यकर्ताओं को वापस लाने का प्रयास नहीं हुआ
जिला कांग्रेस सेवा दल के पूर्व संयुक्त सचिव राजेंद्र नेगी ने कहा कि उनका परिवार दादा-दादी के समय से कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा रहा है, लेकिन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आमाबेड़ा की कार्यप्रणाली से वे निराश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठनात्मक गतिविधियां अपेक्षित रूप से दिखाई नहीं देतीं। पिछले तीन वर्षों से पार्टी से नाराज होकर दूसरे दलों और समर्थक समूहों में गए कार्यकर्ताओं को वापस लाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया, जबकि इस विषय को लगातार उठाया जाता रहा है।
नेगी ने कहा कि लंबे समय तक कार्यकर्ताओं ने चुप रहना ही उचित समझा, लेकिन अब पार्टी के भीतर विवाद की स्थिति बनने के बाद अपनी बात रखना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व विधायक अनुप नाग का क्षेत्र में जनसंपर्क और विकास कार्यों को लेकर सक्रियता रही है। उनके अनुसार अनुप नाग की वापसी से संगठन को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने संगठन से कार्यकर्ताओं के बीच नियमित संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याएं सुनने और पुराने साथियों को फिर से मुख्यधारा में जोड़ने की मांग की।
नरोत्तम बघेल बोले- परिवार की पुरानी कांग्रेस से जुड़ी विचारधारा, संगठन में एकजुटता जरूरी
नरोत्तम बघेल ने कहा कि उनका परिवार दादा-दादी के समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ है और बड़ी संख्या में परिवार के सदस्य पार्टी के समर्थक रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 में चुनाव के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी के लिए मेहनत की थी, लेकिन जीत के बाद ब्लॉक संगठन की ओर से उनकी पूछ-परख नहीं हुई। इससे नाराज होकर कई कार्यकर्ता पूर्व विधायक मंतूराम पवार के समर्थक दल में चले गए थे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के बाद संगठन को एकजुट करने और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान के साथ वापस जोड़ने की बात कही गई थी, लेकिन बीते तीन वर्षों में इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई। कांग्रेस के प्रति उनकी विचारधारा और जुड़ाव आज भी कायम है, लेकिन संगठन के भीतर इस तरह के विवाद से कार्यकर्ताओं को निराशा होती है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक अनुप नाग के कार्यकाल में क्षेत्र में कई विकास कार्य हुए थे और उनका जनसंपर्क भी बना हुआ है। उनकी वापसी से संगठन को बल मिल सकता है।
कार्यकर्ताओं की मांग- मतभेद भुलाकर पुराने साथियों को जोड़ें
कांग्रेस के इन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बयानों से स्पष्ट है कि अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक एकजुटता और पुराने कार्यकर्ताओं की वापसी का मुद्दा चर्चा में है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए केवल चुनाव के समय सक्रियता दिखाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियमित रूप से कार्यकर्ताओं से संपर्क, उनकी समस्याओं का समाधान और संगठन में सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस असंतोष को किस तरह दूर करता है और अंतागढ़ में संगठनात्मक समन्वय स्थापित करने के लिए क्या पहल करता है।





