
जनजातीय गौरव दिवस पर गूंजा भगवान बिरसा मुंडा का जयघोष, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रतिमा के लिए 10 और सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख देने की घोषणा की

1
बिलासपुर/कांकेर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय कांकेर में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान विधायक आशाराम नेताम, विक्रम देव उसेंडी, बस्तर संभाग गोंडवाना समाज के अध्यक्ष सुमेर सिंह नाग सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने उदय नगर स्थित बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापना के लिए 10 लाख रुपए तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आदिवासी समाज के आंगादेव की परंपरानुसार पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, त्याग और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर जनजातीय समाज को एकजुट किया और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। छत्तीसगढ़ के वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर और शहीद गैंदसिंह के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि जनजातीय नायकों के योगदान और संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान मिल सके। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और रोजगार सहित सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। पीएम जनमन योजना, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन जनजातीय कला एवं संस्कृति को नई पहचान दे रहे हैं।

- Ashwanikumarckbt ↩︎





