चकरभाठा के बड़ा गुरुद्वारा में धूमधाम से मनाया गया गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व
चकरभाठा। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक श्री गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व (गुरुनानक जयंती) चकरभाठा स्थित ब्रह्मलीन संत वासुराम संत हीरानंद बड़ा गुरुद्वारा में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सुबह से ही गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संतों का पावन सानिध्य रहा। इस दौरान संत नामदेव (नामु भाई साहब), श्री राजू भाई साहब एवं आनंद राम दरबार से एकादशी वाले बलराम भैया विशेष रूप से उपस्थित रहे। तीनों संतों की एक साथ उपस्थिति ने पूरे आयोजन को और भी दिव्य व आध्यात्मिक बना दिया। दोपहर ठीक 12 बजे संत नामदेव जी द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का भोग साहिब संपन्न कराया गया, जिसके पश्चात विश्व शांति, आपसी भाईचारे और समाज की खुशहाली के लिए विशेष अरदास की गई।

समारोह में समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष सुरेश फोटानी तथा पूज्य रियासती पंचायत के अध्यक्ष मनोहर मलघानी विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही समाज के वरिष्ठजन किशन लाल पुरुस्वानी, पारस राम बतरा, रामचंद नंथानी, प्रकाश जैसवानी, बल्लू आडवानी, नंदू कुकरेजा, अशोक छाबड़ा, अनिल मलघनी, महेश चावला सहित सिंधी एवं रियासती पंचायत के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद बोदरी के सभापति विजय वर्मा, दीपक वाधवानी, राजेश छाबड़ा, अशोक मोटवानी और अनिल नथानी, अशोक जोटवानी, दीपक नवलानी,ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। भोग साहिब के उपरांत विशाल गुरु का लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी एवं सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा।





