बिल्हा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व
सरायपाली के वीर खालसा ग्रुप के हैरतअंगेज गतका और मार्शल आर्ट प्रदर्शन ने मोहा सबका मन
बिल्हा (संवाददाता: रूपचंद अग्रवाल)

सिख धर्म के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व नगर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर स्थानीय गुरुद्वारा साहिब से पंच प्यारे साहिबान की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया।
भव्य स्वागत और पुष्प वर्षा
नगर कीर्तन गुरुद्वारा से प्रारंभ होकर हनुमान कुटिया मंदिर, आदर्श नगर, हटरी बाजार, अग्रसेन चौक और राम सप्ताह चौक से भ्रमण करता हुआ पुनः गुरुद्वारा पहुंचा। पूरे मार्ग में सिख समाज की महिलाएं जल का छिड़काव कर मार्ग की सफाई करती नजर आईं। नगर भ्रमण के दौरान सिंधी समाज, अग्रवाल समाज, ब्राह्मण समाज, सतनामी समाज सहित विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों ने जगह-जगह लंगर, माल्यार्पण और पुष्प वर्षा कर पंच प्यारे साहिबान तथा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राजेंद्र प्रसाद शुक्ला ने भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।

रोमांचक गतका प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र
नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण सरायपाली से पहुंचे ‘वीर खालसा ग्रुप’ का हैरतअंगेज गतका और मार्शल आर्ट प्रदर्शन रहा। दल के युवाओं ने शरीर के ऊपर से मोटरसाइकिल गुजारने, ट्यूबलाइट फोड़ने, शरीर पर ईंट व बर्फ की सिली तोड़ने, शरीर से रस्सी बांधकर दोनों तरफ से मोटरसाइकिल से खींचने तथा तलवारबाजी जैसे रोमांचकारी करतब दिखाकर नगरवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

महालंगर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
नगर कीर्तन के समापन पर गुरुद्वारा साहिब में कीर्तन दरबार सजाया गया और अरदास के पश्चात अटूट महालंगर का आयोजन हुआ, जिसमें नगर के सभी वर्गों के लोगों ने पंगत में बैठकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
आयोजन को सफल बनाने में गुरु बचन लाल सवन्नी, अमरजीत सवन्नी, यशवंत कुशवाहा, बहादुर राजपाल, केवल राजपाल, हरदीप सिंह सलूजा, गुरदीप सिंह सलूजा, अमरजीत सिंह सलूजा, मैहर कौर, कमलेश कौर, जसबीर कौर, हरप्रीत कौर, शिल्पी राजपाल, रोजी छाबड़ा, कृष्णवंती छाबड़ा, शांति रानी बग्गा, अग्रवाल समाज अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सिंधी समाज अध्यक्ष राजू रामानी, महेश शर्मा, नानक रेलवानी, रमेश मंगवानी एवं डॉ. आर.सी. अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।





