साधना और अनुशासन से नशे पर विजय संभव : पद्मश्री पं. रामलाल बरेठ
सीएमडी महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद’, नशा मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान
बिलासपुर, 26 नवम्बर 2026/ संविधान दिवस के अवसर पर सीएमडी महाविद्यालय में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जुड़कर नशा मुक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत (MY Bharat), बिलासपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ रही। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ ने कहा कि कला एक साधना है। साधना, एकाग्रता और आत्म-अनुशासन से नशे जैसी सामाजिक बुराई पर विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान की सराहना करते हुए युवाओं से इससे जुड़ने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। मेरा युवा भारत, बिलासपुर के उप निदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि ‘विकसित भारत युवा संवाद’ देश के सभी 786 जिलों में आयोजित किया जा रहा है।

संविधान दिवस संस्करण का उद्देश्य युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के लिए नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता बढ़ाना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में यूथ आइकॉन सुश्री प्रशंसा पांडेय ने प्रस्तुति के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। महाविद्यालय के चेयरमैन श्री संजय दुबे ने युवाओं से सकारात्मक सामाजिक बदलाव में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर श्री कमलेश शुक्ला, श्री मोहनलाल सोनी, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित श्री लोकेश ओगरे, राज्य एनएसएस पुरस्कार प्राप्त सुश्री जिया वारे एवं स्पोर्ट्स आइकॉन श्री नोमेश चंद्राकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री रोहित लहरे ने किया।





