पुरानी रंजिश पर जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को रतनपुर पुलिस ने दबिश देकर किया गिरफ्तार
बिलासपुर जिले की रतनपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का प्रयास करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विकल्प दुबे उर्फ निक्कू, पिता विजेन्द्र दुबे, उम्र 26 वर्ष, निवासी महामाया चौक, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.)।

दिनांक 30 मई 2025 को प्रार्थी ईशांत सारथी (निवासी महामाया चौक, रतनपुर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी संतोष और करन सारथी के साथ महामाया चौक के पास बैठकर मोबाइल देख रहा था। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर संकल्प दुबे उर्फ संकू (बेसबॉल स्टिक), विकल्प दुबे उर्फ निक्कू (धारदार गंडासा) और जतिन गोंड (बांस का मोटा डंडा) वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देते हुए हत्या की नीयत से करन सारथी पर हमला किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। बीच-बचाव करने आए प्रार्थी, उसके साथियों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत विशेष टीम गठित की गई। पूर्व में इस प्रकरण के आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। इसी बीच फरार आरोपी विकल्प दुबे उर्फ निक्कू के घर आने की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस ने उसके घर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।





