संतों के सान्निध्य में भाई रूपचंद दरबार चकरभाठा में मनाई गई गुरुनानक जयंती, समाज के वरिष्ठजनों ने की सहभागिता
चकरभाठा। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी की जयंती हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चकरभाठा स्थित भाई रूपचंद दरबार में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर दरबार परिसर में धार्मिक व आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरुवाणी का श्रवण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।


आयोजन में संत-महात्माओं की विशेष एवं गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर रूपचंद सिंगवानी, राजकुमार भाई साहब, बाबा आनंदराम दरबार से एकादशी वाले श्री बलराम भइया का सान्निध्य श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। संतों ने अपने प्रवचनों में गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग—‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’—पर चलने का आह्वान किया तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।


कार्यक्रम में सिंधी समाज के वरिष्ठजनों एवं विभिन्न पदाधिकारियों ने भी सहभागिता दर्ज कराई। प्रमुख रूप से पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष सुरेश फोटानी, पूज्य रियासती पंचायत अध्यक्ष मनोहर मलघानी, परसराम बतरा, बल्लू आडवानी, अशोक मलघानी, राजू हासवानी, पवन मोटवानी, इंद्र मंगतानी, परमानंद रोचवानी, इंद्र भोजवानी, रमेश जैसवानी,कन्हैयालाल वासवानी, गोविंद झामवानी और योगेश वलेचा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों व वरिष्ठजनों ने गुरु नानक देव जी के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं अरदास के साथ प्रसाद वितरण भी किया गया। आयोजन को सफल बनाने में दरबार के सेवादारों व समाजजनों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं व अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





