[ रिपोर्टर — सुरज पुरेना ]
बिलासपुर क्राइम। तोरवा थाना पुलिस ने दो साल पुराने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। अवैध संबंध के शक में की गई इस हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2023 में तोरवा क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिला था, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों और रस्सी के निशान थे। डॉक्टर की रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गहरी चोटें बताई गई थी। उस समय मामला मर्ग दर्ज कर जांच में लिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर मर्ग डायरी की पुनः जांच में हत्या के तथ्य सामने आए, जिसके बाद अपराध क्रमांक 202/2024 धारा 302, 201 भादवि दर्ज कर जांच शुरू की गई। यह केस पूरी तरह ब्लाइंड था, लेकिन सीएसपी कोतवाली (पूर्व) अक्षय प्रमोद सबद्रा व वर्तमान सीएसपी गगन कुमार के निर्देशन में वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक विनोद महंत (निवासी हेमू नगर) का संबंध राजकुमारी पासी नामक महिला से था। इसी संबंध से नाराज़ महिला का पुत्र कृष्णा पाल (24) और उसका साथी मनोज पाल उर्फ धन्ना (21) ने हत्या की साजिश रची। दोनों ने मृतक को लालखदान इलाके में बुलाकर लोहे की रॉड से हमला किया, फिर घायल अवस्था में उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। जब मृतक में हरकत दिखी तो सिर पर पत्थर मारकर उसकी जान ले ली और फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रॉड जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस खुलासे में सीएसपी कोतवाली, तोरवा थाना प्रभारी, विवेचना टीम और तकनीकी स्टाफ का विशेष योगदान रहा।


