अवैध धान खपाने की कोशिश नाकाम, बारीडीह मेनरोड पर घेराबंदी कर रतनपुर पुलिस ने पकड़ा अवैध जखीरा”
बिलासपुर | शासन के निर्देशानुसार जिले में धान के अवैध व्यापार और परिवहन पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में थाना रतनपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे धान की एक बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन समेत 150 बोरी धान जप्त कर मामले को अग्रिम कार्यवाही के लिए राजस्व विभाग को सौंप दिया है।
दिनांक 21 दिसंबर 2025 को रतनपुर थाना प्रभारी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक माजदा वाहन (क्रमांक CG 10 BV 6881) अवैध रूप से धान लेकर ग्राम खरगहनी (थाना कोटा) की ओर से ग्राम तेन्दुभाठा (थाना रतनपुर) की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में त्वरित कार्यवाही हेतु एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ग्राम बारीडीह के मुख्य मार्ग पर सामरिक घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रुकवाया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में धान की बोरियां लदी पाई गईं। वाहन चालक, जिसकी पहचान रामेश्वर ध्रुव (उम्र 37 वर्ष), निवासी नेवरा, थाना कोटा के रूप में हुई, से धान के संबंध में वैध दस्तावेज और मण्डी से संबंधित कागजात मांगे गए।
वाहन चालक द्वारा धान खरीदी-बिक्री या परिवहन से संबंधित कोई भी वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। दस्तावेज़ों के अभाव में धान के चोरी का होने या अवैध रूप से मण्डी में खपाने की आशंका के आधार पर, पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के प्रावधानों के तहत निम्नलिखित सामग्री जप्त की:
जप्त मशरूका: 150 कट्टी (बोरी) धान।
जप्त वाहन: माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BV 6881।
राजस्व एवं खाद्य विभाग को सुपुर्दगी
पुलिस की प्राथमिक कार्यवाही के पश्चात, मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार रतनपुर और खाद्य निरीक्षक को सूचित किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और संबंधित नियमों के तहत अग्रिम दंडात्मक कार्यवाही शुरू कर दी है।
अवैध धान पर प्रशासन सख्त
रतनपुर पुलिस की इस कार्यवाही से अवैध धान कोचियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी के सीजन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध परिवहन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले की सीमाओं और मुख्य मार्गों पर लगातार निगरानी जारी है ताकि किसानों के हितों की रक्षा हो सके और अवैध व्यापार पर लगाम लगे।
रामेश्वर ध्रुव पिता प्यारेलाल ध्रुव (37 वर्ष), निवासी नेवरा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।

