सीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नरगोडा और देवरी में अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस कप्तान के निर्देश पर सीपत पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने ग्राम नरगोडा और देवरी में घेराबंदी कर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अवैध महुआ और देशी शराब बरामद की गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की रेड
मिली जानकारी के अनुसार, सीपत थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र के ग्राम नरगोडा और देवरी में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसे खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल दो अलग-अलग टीमें गठित कर दोनों गांवों में एक साथ रेड मारी।
आरोपियों से भारी मात्रा में शराब बरामद
पुलिस की पहली टीम ने ग्राम नरगोडा भांठा में दबिश देकर आरोपी अमन लोनिया (22 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। वहीं, दूसरी टीम ने देवरी भांठापारा में दबिश देकर आरोपी जगत नारायण वस्त्रकार (40 वर्ष) को हिरासत में लिया, जिसके पास से 35 पाव (कुल 6.300 लीटर) देशी प्लेन शराब जब्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
सीपत पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
रिपोर्ट: अमित पवार
जिला क्राइम रिपोर्टर
सीजी क्राइम न्यूज़, बिलासपुर


