सिंधी समाज सनातन धर्म एवं देश के प्रति अपना दायित्व बढ़ाने बनाएगा कार्ययोजना : साईं मसन्द
22 फरवरी को सिंधु पैलेस में होगी विशाल सभा
सभा में बारह सिंधी विभूतियों का होगा सम्मान रायपुर। मसन्द सेवाश्रम द्वारा सनातन धर्म, देश व सार्वजनिक कल्याण के क्षेत्र में सिंधी समाज का दायित्व बढ़ाने की कार्ययोजना बनाने के लिए 22 फरवरी को शाम 5 बजे स्थानीय शंकरनगर स्थित सिंधु पैलेस में रायपुर की सभी पूज्य सिंधी पंचायतों एवं समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों की विशाल सभा आयोजित की गई है। इस अवसर पर नगर, प्रदेश, देश एवं सनातन संस्कृति के हित में

सराहनीय कार्य कर रहीं नगर की 12 सिंधी विभूतियों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा रहेंगे। उक्त जानकारी देते हुए मसन्द सेवाश्रम के पीठाधीश साईं जलकुमार मसन्द साहब ने बताया कि सिन्धु घाटी की सभ्यता की प्रशंसा हजारों वर्षों से पूरे विश्व में इस लिए की जाती है कि सिंधी समाज की जीवन शैली सदैव से सनातन धर्म, देश व जगत के प्रति कल्याणकारी दायित्व निभाने की रही है। उन्होंने कहा कि समाज का संत होने के नाते वे अपने समाज की जीवन शैली पुनः अपने गौरवशाली इतिहास के अनुरुप डालने का प्रयास करेंगे। इसके लिए वे अपने सिंधी समाज को भारत के चारों पूज्यपाद शंकराचार्यों के सम्पर्क में रखने का प्रयास करेंगे। साईं मसन्द, भारत के चारों शंकराचार्यों के नेतृत्व में गठित 108 देशों के अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू संगठन *परम धर्म संसद 1008* के संगठन मंत्री हैं। वे मसन्द सेवाश्रम के तत्वावधान में पिछले 13 वर्षों से भारत के चारों शंकराचार्यों एवं अन्य महान संतों के सहयोग से देश में सनातन वैदिक सिद्धांतों पर आधारित धर्म का शासन स्थापित कर भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब चार वर्षों से परम धर्म संसद द्वारा इस दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों के कारण देश-विदेश में अब इसके अनुकूल उत्साहवर्धक वातावरण बन गया है। कार्यक्रम की स्वागत समिति के अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के प्रदेशाध्यक्ष महेश दरयाणी, सहअध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत के प्रदेशाध्यक्ष अमरलाल गिदवाणी एवं संयोजक, शंकर बजाज फाउंडेशन के अध्यक्ष भरत बजाज ने कहा कि सनातन धर्म एवं देश की उन्नति में सबका सहयोग देश की सामयिक महती आवश्यकता है। स्वागत समिति के तीनों पदाधिकारियों ने रायपुर की समस्त पूज्य सिंधी पंचायतों एवं समाजसेवी संस्थाओं के वरिष्ठ, युवा एवं महिला कार्यकर्ताओं से आयोजित सभा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।



