ब्युरो रिपोट उमाशंकर शुक्ला
होली के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की विशेष सौगात: यात्रियों की सुविधा के लिए 70 फेरों वाली ‘होली स्पेशल’ ट्रेनों का परिचालन
बिलासपुर, 26 फरवरी 2026 आगामी होली पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित भारी भीड़ और यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा देशव्यापी स्तर पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी क्रम में, रेल यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के साथ-साथ अधिक से अधिक कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा कुल 1,244 होली स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का परिचालन प्रारंभ किया गया है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने भी इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए अपने क्षेत्र से कुल 70 फेरों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। इसमें 14 फेरे इस जोन से मूल रूप से संचालित होने वाली ट्रेनों के होंगे, जबकि अन्य 56 फेरे उन स्पेशल ट्रेनों के होंगे जो दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
प्रमुख गंतव्यों के लिए सीधी कनेक्टिविटी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के दुर्ग, बिलासपुर एवं गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों से दिल्ली, पटना, छपरा, मधुबनी, हजरत निजामुद्दीन और चर्लपल्ली जैसे महत्वपूर्ण शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
प्रमुख विशेष ट्रेनों का विवरण निम्नलिखित है:
- दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग (08751/08752): यह ट्रेन दुर्ग से 01 व 02 मार्च को और निजामुद्दीन से 02 व 03 मार्च को न्यू कटनी जंक्शन के रास्ते चलेगी। इसका ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल एवं उमरिया में होगा।
- गोंदिया-छपरा-गोंदिया (08863/08864 एवं 08865/08866): गोंदिया से यह ट्रेनें क्रमशः 01 और 02 मार्च को तथा छपरा से 03 और 04 मार्च को चलेंगी। इनका ठहराव डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, उसलापुर और शहडोल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
- दुर्ग-मधुबनी-दुर्ग (08753/08754): दुर्ग से 01 मार्च और मधुबनी से 02 मार्च को संचालित होने वाली यह ट्रेन झारसुगुड़ा के रास्ते रायपुर, बिलासपुर, चाम्पा एवं रायगढ़ में ठहराव लेगी।
- गोंदिया-पटना-गोंदिया (08861/08862): यह ट्रेन गोंदिया से 02 मार्च को और पटना से 03 मार्च को चलेगी, जिसका लाभ रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ के यात्रियों को मिलेगा।
- बिलासपुर-चर्लपल्ली-बिलासपुर (08263/08264): दक्षिण की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बिलासपुर से 27 फरवरी और चर्लपल्ली से 28 फरवरी को चलेगी।



