राहगीर से मारपीट कर लूटपाट करने वाले 04 शातिर आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार।
शादी समारोह से लौट रहे बुजुर्ग राहगीर को बनाया था निशाना।
रकम न मिलने पर बेल्ट और मुक्कों से की थी बेरहमी से मारपीट।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मल्हार पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई।
बिलासपुर (छत्तीसगढ़): जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर नकेल कसने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी (मस्तूरी) के मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक राहगीर के साथ लूटपाट और मारपीट करने वाले चार आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दबोच लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण प्रार्थी रामप्यारे राय (पिता स्व. राजाराम राय, उम्र 62 वर्ष, निवासी ग्राम चौहा) ने चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 30.03.2026 की रात्रि करीब 11:50 बजे, वे डगनिया गांव में एक शादी कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। चकरबेढा और डगनिया के बीच सुनसान रास्ते पर चार युवकों— रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू और मंजेश खूंटे—ने उन्हें घेर लिया।

आरोपियों ने प्रार्थी से पैसों की मांग की और मना करने पर मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए उन पर बेल्ट और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। प्रार्थी को घायल कर आरोपियों ने उनकी शर्ट की जेब में रखे 1400 रुपये लूट लिए और उन्हें मरणासन्न स्थिति में छोड़कर फरार हो गए। घायल प्रार्थी पूरी रात घटनास्थल पर पड़े रहे, जिन्हें सुबह ग्रामीणों की मदद से घर पहुंचाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी मल्हार अवधेश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। सूचना के आधार पर ग्राम चकरबेढा से चारों संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जब्ती एवं वैधानिक कार्रवाई पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर के कब्जे से लूटी गई राशि 1400 रुपये तथा आरोपी मंजेश खूंटे से वारदात में प्रयुक्त 01 नग बेल्ट बरामद किया है। आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
टीम की भूमिका: इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज राजपूत, आरक्षक नुवाश तिग्गा, किसान राय, श्याम लाल सोनवानी, अभिजीत, विकास अंचल और रमेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।


