नकली सोने को असली बताकर धोखाधड़ी करने वाला अंतर्राज्यीय दंपत्ति गिरफ्तार; कब्जे से नकली जेवर बरामद
बिलासपुर पुलिस द्वारा ठगी और जालसाजी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी दुकान में बदलने का प्रयास करने वाले एक पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
संजय वर्मा (40 वर्ष), पिता स्व. हनुमान प्रसाद वर्मा
पूनम वर्मा (30 वर्ष), पति संजय वर्मा
निवासी: ग्राम भूलनपुर, थाना मडवाहीह, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश)
मामले का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 11.04.26 को प्रार्थी जलेश कुमार आहिरे (मैनेजर, लीला ज्वेलर्स, सदर बाजार) ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अप्रैल की शाम एक महिला (पूनम वर्मा) उनकी दुकान पर आई। उसने अपने पास रखे एक जोड़ी टॉप्स और एक अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताते हुए उन्हें बदलकर दूसरे जेवर लेने की बात कही।
मैनेजर को गहनों के वजन और चमक पर संदेह होने पर जब मशीन से जाँच की गई, तो उक्त जेवर नकली पाए गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 234/26, धारा 318(4), 62, 112 (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही एवं गिरफ्तारी:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल टीम गठित की।
दुकान के सीसीटीवी फुटेज और हुलिए के आधार पर घेराबंदी की गई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी महिला अपने पति और बच्चे के साथ सदर बाजार क्षेत्र में घूमते हुए पकड़ी गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
बरामदगी:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित नकली जेवर (जिस पर फर्जी तरीके से 18K 750 हॉलमार्क अंकित था) बरामद किए हैं:
01 नग नकली टॉप्स: वजन 4 ग्राम 230 मिलीग्राम
01 नग नकली अंगूठी: वजन 3 ग्राम 100 मिलीग्राम
आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित कार्यवाही में थाना सिटी कोतवाली पुलिस टीम की मुख्य भूमिका रही।


