घर में घुसकर लाखों की चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी का सोना गलाने के प्रयास में मणप्पुरम फाइनेंस मैनेजर भी सलाखों के पीछे
बिलासपुर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने राजेन्द्र नगर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित मणप्पुरम फाइनेंस के मैनेजर को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों
दीपक पटेल (उम्र 19 वर्ष): निवासी ग्राम लोफंदी नयापारा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर। (मुख्य आरोपी) आजम बेग (उम्र 25 वर्ष): निवासी धरसीवा, जिला रायपुर; हाल मुकाम बंधवापारा, थाना सरकंडा। (मैनेजर – मणप्पुरम फाइनेंस)
बरामद
सोना: 02 नग सोने के गले हुए डल्ले (कुल वजन 40 ग्राम)।
अनुमानित कीमत: लगभग 5,00,000/- रुपये।नगदी: 1,000/- रुपये।

मामले
प्रार्थी प्रशांत कुमार मिश्रा (राजेन्द्र नगर) की शिकायत के अनुसार, दिनांक 02.06.2025 को उनके सूने मकान की अलमारी का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने उनकी माता श्रीमती चैन मिश्रा के 4 सोने के कंगन (40 ग्राम) और 1,00,000/- रुपये नगद पार कर दिए थे। शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 488/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना और सनसनीखेज खुलासा:
पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर संदेही दीपक पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने चोरी के गहनों को मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन प्राप्त किया था।
पुलिस की गहराई से की गई जांच में संस्था के मैनेजर आजम बेग की गंभीर संलिप्तता पाई गई। मैनेजर ने जानते हुए भी कि सोना चोरी का है, पुलिस कार्यवाही से बचने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सोने के कंगनों को गलाकर ठिकाने लगाने का प्रयास किया।
पुलिस कार्यवाही:
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गला हुआ सोना बरामद किया है। आरोपियों को आज दिनांक 14.04.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।


