बिलासपुर में ट्रैफिक नियमों को लेकर सख्त हुए तेवर: आईजी और एसएसपी ने किया ITMS का औचक निरीक्षण
बिलासपुर: शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग एवं डीआईजी व एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने संयुक्त रूप से कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (ITMS), साइबर सेल और डायल 112 का विस्तृत निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तकनीकी विशेषज्ञों के साथ वर्तमान सुरक्षा प्रणालियों की समीक्षा की और पुलिस बल को तकनीक के सर्वोत्तम उपयोग के निर्देश दिए।

चप्पे-चप्पे पर नजर: शहर में स्थापित 550 से अधिक सीसीटीवी और ANPR (Automatic Number Plate Recognition) कैमरों के माध्यम से संदिग्ध वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

डिजिटल चालान प्रक्रिया: अधिकारियों ने देखा कि कैसे ANPR कैमरे स्वतः नंबर प्लेट कैप्चर कर अंतिम चालान सीधे उल्लंघनकर्ता के मोबाइल पर भेजते हैं। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं एडवांस ज़ूम तकनीक का उपयोग कर कुछ वाहनों को चिह्नित कर चालानी प्रक्रिया पूर्ण करवाई।
सेटेलाइट से ट्रैफिक मॉनिटरिंग: ‘पीक आवर्स’ के दौरान ट्रैफिक दबाव (कंजेशन) को नियंत्रित करने के लिए सेटेलाइट आधारित डिजिटल मैपिंग और विशाल मॉनिटर्स के माध्यम से भीड़ की स्थिति का जायजा लिया गया।

PA सिस्टम से सीधा संवाद: शहर के 23 पीए सिस्टम और 10 एलईडी मॉनिटर्स के माध्यम से सड़क पर चल रहे नागरिकों को रीयल-टाइम निर्देश दिए जा रहे हैं, जिसका अधिकारियों ने प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
अपराध नियंत्रण में तकनीक: चोरी के वाहनों की बरामदगी और अपराधों की रोकथाम के लिए ITMS डेटा का उपयोग करने और ‘सशक्त एप’ की उपयोगिता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान साइबर सेल और डायल 112 की कार्यप्रणाली को भी परखा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
तकनीकी और डिजिटल माध्यमों का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि एक सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।”
श्री रामगोपाल गर्ग, पुलिस महानिरीक्षक
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, टीआई साइबर सेल गोपाल सतपति सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


