बिलासपुर: नारी शक्ति और छत्तीसगढ़ स्वराज महिला मंच ने भरी हुंकार, महिलाओं को 33% आरक्षण का स्वागत।
बिलासपुर | 16 अप्रैल 2026 आज बिलासपुर में ‘नारी शक्ति’ एवं ‘छत्तीसगढ़ स्वराज महिला मंच’ के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता को मुख्य रूप से प्रसिद्ध लेखिका एवं कवयित्री डॉ. नेहा सिंह राजपूत, डॉ. स्वाति मुरारका एवं जांजगीर से पुष्पा पाटले ने संबोधित किया।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. नेहा सिंह राजपूत ने कहा कि देश की आजादी के बाद यह पहला मौका है जब महिलाओं को उनका वास्तविक संवैधानिक अधिकार मिलने जा रहा है। लोकसभा में पेश किए गए संविधान संशोधन विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) के माध्यम से देश की लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त होगा। डॉ. नेहा ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

डॉ. राजपूत ने देश के सभी राजनीतिक दलों और विपक्षी पार्टियों से मार्मिक अपील करते हुए कहा:
“देश की आधी आबादी यानी नारी शक्ति हर चुनाव में आपको अपना मत देती है। अतः मेरा आपसे विनम्र निवेदन है कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस संशोधन बिल में अपनी सहमति दें और इसे सर्वसम्मति से पास कराने में मदद करें।”

मंच की अन्य वक्ताओं, डॉ. स्वाति मुरारका और पुष्पा पाटले ने भी विधेयक का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने साझा किया कि आने वाला इतिहास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस साहसी और दूरदर्शी निर्णय के लिए सदैव याद रखेगा। यह विधेयक न केवल महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाएगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को भी सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधि और मंच के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में इस अधिनियम का स्वागत किया।


