नशे के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का सर्जिकल स्ट्राइक: पंजाब से हेरोइन तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 05 सदस्य गिरफ्तार
बिलासपुर (छ.ग.): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता अर्जित की है। थाना तोरवा पुलिस ने पंजाब के अमृतसर से छत्तीसगढ़ में हेरोइन की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 05 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर निरीक्षक नीलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन तोरवा के पास घेराबंदी की। यहाँ एक ऑल्टो कार (CG 22 AB 5247) में सवार संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके पास से 97.63 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। मामले में संलिप्त पंजाब के दो मुख्य तस्कर जितेन्दर सिंह रंधावा व जगदीप सिंह और मुंगेली के तीन खरीदार शेख अल्ताफ, अमित कुमार डाहिरे व अवि पाठक को गिरफ्तार किया गया है।

(कुल मूल्य ₹5,38,000)
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन के अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक अल्टो कार, एक स्कूटी, 05 नग एंड्रॉइड मोबाइल और नशीली पदार्थ की बिक्री के 57,800 रुपये नगद जप्त किए हैं।
सराहनीय टीम वर्क
इस पूरी कार्यवाही को अंजाम देने में निम्नलिखित अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष और सराहनीय भूमिका रही:
निरीक्षक नीलेश पांडेय, उपनिरीक्षक कमलनारायण शर्मा, सउनि देवेन्द्र तिवारी।
प्रआर बलबीर सिंह, आरक्षक अजय शर्मा, सत्येन्द्र सिंह, संदीप शर्मा, मुपेन्द्र सिंह, अखिलेश राय एवं विवेक राय।
आरोपियों के विरुद्ध थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 249/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी, 29 के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की गई है। बिलासपुर पुलिस की इस कार्यवाही से सीमावर्ती जिलों में सक्रिय नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।


