फर्जी पुलिस बनकर ट्रक चालक को डराने और लूटने वाले 04 शातिर आरोपी गिरफ्तार, सकरी पुलिस की बड़ी सफलता
बिलासपुर (छत्तीसगढ़): पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सकरी को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ट्रक चालक से लूटपाट और अवैध वसूली करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्रार्थी सुरेंद्र जायसवाल (निवासी उमरिया, म.प्र.) अपने ट्रक क्रमांक CG 04 MP 4666 में गेहूं और तंबाकू लोड कर शहडोल से बिलासपुर की ओर आ रहा था। दिनांक 05 मई 2026 को वाहन में तकनीकी खराबी आने के कारण वह हांफा हाईवे के पास रुका था।
इसी दौरान कार क्रमांक CG 10 BD 7204 में सवार चार युवक वहां पहुंचे और स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक की तलाशी लेने लगे। आरोपियों ने ड्राइवर को डराया-धमकाया और ट्रक से 09 बोरी तंबाकू लूट ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ड्राइवर को जबरन अपनी कार में बंधक बनाया और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ट्रक मालिक से च्वाइस सेंटर के माध्यम से 8000 रुपये की अवैध वसूली भी की।
पुलिस की कार्यवाही एवं गिरफ्तारी:
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाईन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी ने एक विशेष टीम का गठन किया।
बीट सिस्टम और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घेराबंदी की और चारों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों
सिद्धार्थ साहू (24 वर्ष), निवासी: छतौना, थाना चकरभाठा। नारायण साहू (34 वर्ष), निवासी: नयापारा सिरगिट्टी।ईस्माईल खान (31 वर्ष), निवासी: मुण्डा, थाना कोटा।आनंद साहू उर्फ विक्रांत (22 वर्ष), निवासी: मुण्डा, थाना कोटा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 09 बोरी लूटी गई तंबाकू और वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 140(3), 308(5), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


