शराब भट्टी बंद कराने सड़क पर उतरीं महिलाएं, बिलासपुर के दयालबंद मधुबन क्षेत्र में भारी हंगामा
बिलासपुर के दयालबंद मधुबन क्षेत्र में उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब स्थानीय महिलाओं ने संगठित होकर क्षेत्र में संचालित शराब भट्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार को ‘महिला शक्ति’ सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिलाएं शराब भट्टी को बंद कराने पहुंच गईं। महिलाओं के इस उग्र प्रदर्शन के कारण मौके पर भारी हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि आवासीय इलाके में शराब भट्टी होने के कारण क्षेत्र का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। दिन-रात शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं, युवतियों और स्कूली बच्चों का घर से निकलना दूभर हो गया है। आए दिन होने वाली छेड़खानी और लड़ाई-झगड़े से तंग आकर आखिरकार महिलाओं को यह कदम उठाना पड़ा।

प्रमुख मांगें और चेतावनी:
शराब भट्टी को रिहाइशी इलाके से तुरंत हटाया जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी: महिलाओं ने साफ किया है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इस भट्टी को बंद या स्थानांतरित नहीं किया, तो वे उग्र चक्काजाम और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


