डायल-112 की तत्परता: पारिवारिक विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, मानसिक विक्षिप्त आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर:थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कुदुदंड में पारिवारिक विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची डायल-112 की टीम पर आरोपी द्वारा जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 17.06.2026 को डायल-112 को सूचना मिली कि कुदुदंड निवासी सागर सूर्यवंशी अपने पिता मुन्ना सूर्यवंशी के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर रहा है और हाथ में चाकू लेकर उन्हें मारने दौड़ा रहा है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन ईगल-02 डायल-112 का स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के हाथ से चाकू छीन लिया। इसी दौरान आरोपी सागर सूर्यवंशी ने पास रखे डंडे से अचानक आरक्षक क्रमांक 788 मोरज सिंह के सिर पर हमला कर दिया, जिससे आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर सिविल लाइन पेट्रोलिंग स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और आरोपी को काबू में कर थाने लाया गया।
जांच में पता चला है कि आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है और उसका मानसिक उपचार चल रहा है। पुलिस द्वारा मामले में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की विधिसम्मत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



